इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सिर्फ दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग ही नहीं, बल्कि सबसे बड़ी क्रिकेट बिजनेस लीगों में भी शामिल हो चुकी है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट बैंक हूलीहान लोकी की नई रिपोर्ट के मुताबिक, IPL की कुल बिजनेस वैल्यू बढ़कर 20.6 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। पिछले साल के मुकाबले लीग की वैल्यू में 11.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
RCB बनी सबसे कीमती फ्रेंचाइजी
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) इस साल IPL की सबसे वैल्यूएबल टीम बनकर उभरी है। रिपोर्ट के अनुसार RCB की ब्रांड वैल्यू 16 प्रतिशत बढ़कर 312 मिलियन डॉलर पहुंच गई है। इसी के साथ RCB 300 मिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली IPL इतिहास की पहली फ्रेंचाइजी बन गई है। पिछले साल इसकी ब्रांड वैल्यू 269 मिलियन डॉलर थी।
मुंबई और KKR टॉप-3 में, CSK चौथे नंबर पर
सबसे कीमती टीमों की सूची में मुंबई इंडियंस दूसरे स्थान पर है, जिसकी ब्रांड वैल्यू 264 मिलियन डॉलर आंकी गई है। तीसरे नंबर पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) है, जिसकी वैल्यू 245 मिलियन डॉलर है। पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) 244 मिलियन डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ चौथे स्थान पर रही। टॉप-4 टीमों के बीच अंतर बेहद कम देखने को मिला।
बाकी टीमों की ब्रांड वैल्यू कितनी?
रिपोर्ट के अनुसार सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) 168 मिलियन डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर है। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स (161 मिलियन डॉलर), पंजाब किंग्स (158 मिलियन डॉलर), गुजरात टाइटंस (157 मिलियन डॉलर), दिल्ली कैपिटल्स (156 मिलियन डॉलर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (122 मिलियन डॉलर) का नंबर आता है।
फ्रेंचाइजी मालिकों में भी हुए बड़े बदलाव
इस साल IPL में दो बड़ी फ्रेंचाइजियों के मालिकाना हक में बदलाव भी देखने को मिला। रिपोर्ट के मुताबिक, RCB को टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, ब्लैकस्टोन और आदित्य बिरला ग्रुप के कंसोर्टियम ने 1.78 बिलियन डॉलर में खरीदा। वहीं राजस्थान रॉयल्स का अधिग्रहण मित्तल परिवार और अदार पूनावाला ने किया। इससे IPL की व्यावसायिक ताकत और निवेशकों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें : ICC ODI Ranking में Shubman Gill फिर बने नंबर-1 बल्लेबाज, Virat Kohli तीसरे स्थान पर, बढ़ी टॉप रैंक की जंग
IPL अब सिर्फ लीग नहीं, ग्लोबल ब्रांड
IPL की लगातार बढ़ती ब्रांड वैल्यू यह दिखाती है कि यह टूर्नामेंट अब केवल क्रिकेट तक सीमित नहीं रह गया है। मीडिया राइट्स, स्पॉन्सरशिप, डिजिटल व्यूअरशिप और फ्रेंचाइजी निवेश के दम पर IPL दुनिया की सबसे मूल्यवान खेल लीगों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। रिपोर्ट के अनुसार प्रति मैच वैल्यूएशन के मामले में IPL अब सिर्फ अमेरिकी NFL से पीछे है, जो इसकी वैश्विक लोकप्रियता और आर्थिक ताकत को दर्शाता है।