क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म होने वाला है, क्योंकि इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का पहला मुकाबला बेहद रोमांचक होने जा रहा है। डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru अपने घरेलू मैदान पर Sunrisers Hyderabad से भिड़ेगी। पिछली बार खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली बेंगलुरु की टीम इस बार अपने अभियान की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी, जबकि हैदराबाद की नजर एक बार फिर ट्रॉफी की ओर है।
कब, कहां और कितने बजे होगा मैच
यह मुकाबला 28 मार्च 2026, शनिवार को बेंगलुरु के M. Chinnaswamy Stadium में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे (IST) शुरू होगा, जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। टीवी पर इसका सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा, वहीं डिजिटल प्लेटफॉर्म JioHotstar पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध रहेगी।
किन खिलाड़ियों पर रहेंगी खास नजरें
इस मुकाबले में कई दिलचस्प टक्कर देखने को मिल सकती हैं। Virat Kohli एक बार फिर आरसीबी की बल्लेबाजी की धुरी होंगे, जबकि हैदराबाद की ओर से Pat Cummins कप्तानी करते नजर आएंगे। ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी मैच का रुख बदल सकती है। वहीं जितेश शर्मा और ईशान किशन के बीच विकेटकीपिंग के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी मुकाबला दिलचस्प रहेगा।
इसे भी पढ़ें : IPL स्टेडियम में कहां बैठें कि पूरा मैच साफ दिखे और हर पैसा वसूल हो जाए?
छक्कों की बरसात का पूरा अंदेशा
चिन्नास्वामी स्टेडियम अपनी छोटी बाउंड्री और तेज आउटफील्ड के लिए जाना जाता है, जहां अक्सर हाई-स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिलते हैं। ऐसे में फैंस को पहले ही मैच में चौकों-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है। दोनों टीमों ने मजबूत स्क्वाड तैयार किया है, जिससे मुकाबला और भी कांटे का होने की उम्मीद है। आईपीएल 2026 का यह आगाज तय करेगा कि इस सीजन में किस टीम का इरादा कितना मजबूत है।