ग्वालियर में सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक साधारण दोस्ती साइबर ठगी में बदल गई। 34 वर्षीय डॉक्टर की पत्नी वॉट्सऐप पर एक अनजान नंबर से आए ‘हाय’ मैसेज के जाल में फंस गई। आरोपी ने खुद को इंग्लैंड का इंजीनियर बताकर पहले प्यार का झांसा दिया, फिर न्यूड वीडियो मंगाए और गिफ्ट पार्सल भेजने के बहाने करीब 3.76 लाख रुपये हड़प लिए। जब महिला ने और पैसे देने से इंकार किया तो ठग ने उसके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
‘हाय’ से शुरू हुई बातचीत
महिला के अनुसार 17 अगस्त को उसके वॉट्सऐप पर अनजान नंबर से ‘हाय’ का मैसेज आया। मैसेज करने वाले ने अपना नाम विपिन कुमार बताया और कहा कि वह यूनाइटेड किंगडम में इंजीनियर है। बातचीत शुरू होते-होते यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने महिला की सुंदरता की तारीफ कर उसका भरोसा जीता और व्यक्तिगत फोटो मांगने लगा।
न्यूड वीडियो की मांग और गिफ्ट का लालच
विश्वास में लेकर आरोपी ने महिला से न्यूड वीडियो भेजने को कहा। महिला ने भरोसा करते हुए वीडियो साझा कर दिए। इसके बाद उसने कहा कि वह लंदन से महंगा गिफ्ट और डॉलर का पार्सल भेज रहा है। अगले दिन महिला को एक कॉल आया जिसमें खुद को एयरपोर्ट अथॉरिटी का अधिकारी बताने वाले ने पार्सल छुड़ाने के नाम पर जीएसटी और अन्य चार्ज की मांग की।
किस्तों में ठगी और धमकी
महिला ने अलग-अलग खातों में 15 हजार, 46 हजार, 1.15 लाख, 1.20 लाख और 80 हजार रुपये ट्रांसफर किए। कुल मिलाकर आरोपी ने 3.76 लाख रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद भी उसने 2.85 लाख रुपये की और मांग की। महिला ने इंकार किया तो आरोपी ने धमकी दी कि वह उसके निजी वीडियो वायरल कर देगा।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
महिला के मना करने पर 17 सितंबर को आरोपी ने उसके निजी वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। घबराकर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।