Income Tax Department Recruitment: अगर आप खिलाड़ी हैं और सरकारी नौकरी करने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए सुनहरा मौका है। दिल्ली आयकर विभाग ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत टैक्स असिस्टेंट समेत कई पदों पर भर्ती निकाली है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 नवंबर तय की गई है।
इन पदों पर होगी भर्ती
बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 119 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जिसमें टैक्स असिस्टेंट के 44 पद, स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के 9 पद और मल्टी टास्किंग स्टाफ के 66 पद शामिल हैं। इस भर्ती में पुरुष उम्मीदवारों के लिए 67 और महिला उम्मीदवारों के लिए 52 सीटें आरक्षित है। इन पदों को एथलेटिक्स, क्रिकेट, बैडमिंटन, फुटबॉल और हॉकी आदि अलग-अलग खेलों में बांटा गया है।
शैक्षणिक योग्यता
टैक्स असिस्टेंट के पद आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के पद पर 12वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। वहीं मल्टी टास्किंग स्टाफ के पद पर 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। इन तीनों पदों पर उम्मीदवारों के पास खेल से जुड़ी योग्यता भी होनी चाहिए।
आयु सीमा
आयु सीमा की बात करें, तो टैक्स असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की उम्र 18 से 27 वर्ष होनी चाहिए। वहीं मल्टी टास्किंग स्टाफ के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की आयु 18 से 25 साल निर्धारित की गई है। आयु सीमा की गणना 1 अगस्त 2026 के आधार पर की जाएगी।
आवेदन शुल्क
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए जनरल, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी, पूर्व सैनिक और महिला सभी उम्मीदवारों को 200 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। आवेदन शुल्क केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किया जाएगा।
कितनी मिलेगी सैलरी
टैक्स असिस्टेंट के पद पर चयनित उम्मीदवारों को 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये तक सैलरी मिलेगी। स्टेनोग्राफर ग्रेड-2 के उम्मीदवार को भी 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये तक सैलरी मिलेगी। वहीं, मल्टीटास्किंग ऑफिस स्टाफ को 18,000 से 56,900 रुपये तक सैलरी मिलेगी.