BSF SI Recruitment 2026: सीमा सुरक्षा बल की मेडिकल विंग ने देश सेवा का जज्बा रखने वाले सेवारत कर्मचारियों के लिए सब इंस्पेक्टर के पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती कुल 34 पदों पर डेपुटेशन के आधार पर की जा रही है। जो केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, केंद्रीय या राज्य सरकार के सेवारत अधिकारियों के लिए खुली है।
इतने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 34 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। जिसमें सब इंस्पेक्टर (मेडिकल सैनिक) के 14 पद, सब इंस्पेक्टर (लैब टेक्नीशियन) के 12 पद और सब इंस्पेक्टर (फिजियोथेरेपिस्ट) के 8 पद शामिल हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
मेडिकल सैनिक के पद पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से बेसिक या एडवांस नर्सिंग कोर्स और 100 बेंड वाले अस्पताल में नर्सिंग असिस्टेंट के रूप में कम से कम 6 साल का अनुभव होना चाहिए। लैब टेक्नीशियन के पद पर 12वीं पास, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नीशियन या टेक्नोलॉजी में 2 साल का डिप्लोमा और संबंधित क्षेत्र में 6 साल का अनुभव होना चाहिए। वहीं, फिजियोथेरेपिस्ट के पद पर 12वीं पास, फिजियोथेरेपी में 2 साल का डिप्लोमा और न्यूनतम 6 साल का अनुभव होना चाहिए। इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की अधिकतम आयु 56 वर्ष होनी चाहिए।
कितनी मिलेगी सैलरी
सातवें वेतन आयोग के पे मैट्रिक्स लेवल 6 के तहत चयनित उम्मीदवारों को 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये प्रति माह बेसिक सैलरी मिलेगी। इसके साथ ही महंगाई भत्ता, मकान किराया, ट्रांसपोर्ट अलाउंस, मेडिकल सुविधा, पेंशन और अन्य सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: Power Grid Vacancy: पावर ग्रिड में 319 पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
कैसे करें आवेदन
यह भर्ती ऑफलाइन और डेपुटेशन के आधार पर है। इसलिए उम्मीदवारों को अपने मूल विभाग के माध्यम से आवेदन भेजना होगा। आवेदन पत्र के साथ पिछले 5 वर्षों के एपीएआर और अन्य जरूरी दस्तावेज संलग्न करके नीचे दिए गए पते पर भेजने होंगे। आवेदन महानिरीक्षक/निदेशक (चिकित्सा), महानिदेशालय, बीएसएफ, ब्लॉक नंबर 9, लेवल-04, पूर्वी ब्लॉक, सेक्टर-1, आरके पुरम, नई दिल्ली-110066 एड्रेस पर भेजना होगा.