
Bihar BSSC Recruitment 2025: बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) ने स्पोर्ट्स ट्रेनर यानी क्रीड़ा प्रशिक्षक के पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 9 अक्टूबर 2025 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बीएसएससी की आधिकारिक वेबसाइट bssc.bihar.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन करने की अंतिम तारीख 11 नवंबर 2025 तय की गई है। बता दें कि इस भर्ती में महिलाओं के लिए भी विशेष आरक्षण है।
379 पदों पर होगी भर्ती
आपको बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 379 पदों पर भर्ती की जाएगी। जिसमें से 128 पद केवल महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं। जबकि शेष पदों को विभिन्न वर्गों के अनुसार बांटा गया है, जिनमें अनारक्षित के लिए 152, अनुसूचित जाति के लिए 61, अनुसूचित जनजाति के लिए 04, अति पिछड़ा वर्ग के लिए 68, पिछड़ा वर्ग के लिए 45, पिछड़े वर्ग की महिलाओं के लिए 11 और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 38 पद शामिल है।
आयु सीमा
आपको बता दें कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, बीसी और ईबीसी वर्ग के पुरुष और महिला उम्मीदवारों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है और अनारक्षित महिलाओं के लिए भी अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष तय की गई है, जबकि एससी और एसटी वर्ग के पुरुष और महिलाओं के लिए यह सीमा 42 वर्ष रखी गई है।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी भी विषय से स्नातक पास होना अनिवार्य है। साथ ही उम्मीदवारों के पास खेल से जुड़ी तकनीकी योग्यता भी होनी चाहिए। तकनीकी योग्यता में नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान से डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग, लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान या केंद्रीय खेल विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर डिप्लोमा इन स्पोर्ट्स कोचिंग, या फिर किसी मान्यता प्राप्त खेल विश्वविद्यालय से समकक्ष डिग्री शामिल है।