DSSSB Recruitment 2026: दिल्ली में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। दिल्ली अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड ने दिल्ली डिस्ट्रिक्ट कोर्ट और फैमिली कोर्ट के तहत विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए 641 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया आज दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार DSSSB के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 नवंबर तय की गई है।
शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती के तहत जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट, प्रोसेस सर्वर और चपरासी जैसे पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। चपरासी, अर्दली, डाक चपरासी और प्रोसेस सर्वर के पदों पर आवेदन करने के लिए न्यूनतम 10वीं पास होना अनिवार्य है। साथ ही प्रोसेस सर्वर पद के लिए ड्राइविंग लाइसेंस होना भी अनिवार्य है। वहीं, जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट, पर्सनल असिस्टेंट और सीनियर पीए के पद के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही पद के अनुसार कंप्यूटर टाइपिंग या शॉर्टहैंड की स्पीड होना आवश्यक है।
आयु सीमा
आयु सीमा की बात करें, तो इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 27 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के तहत अधिकतम आयु में छूट दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: UPSSSC Recruitment 2026: युवा कल्याण अधिकारी और फिटनेस ट्रेनर के पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता
आवेदन शुल्क
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सामान्य, OBC और EWS वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। जबकि सभी वर्गों की महिलाओं, SC, ST, PwD और पूर्व सैनिकों को कोई भी शुल्क नहीं देना होगा।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, डिस्क्रिप्टिव टेस्ट, स्किल टेस्ट/टाइपिंग शॉर्टहैंड और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।