UP Lekhpal Bharti 2025: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से राजस्व लेखपाल के पदों पर निकली भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिए 7 हजार से ज्यादा पदों को भरा जाएगा। आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 जनवरी 2026 तय की गई है।
ऐसे करें आवेदन
सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट upsssc.gov.in पर जाएं। इसके बाद Applicant’s Dashboard में लॉगिन करना होगा। लॉगिन करने के लिए UP PET 2025 का रजिस्ट्रेशन नंबर जरूरी होगा। फिर उम्मीदवार के पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल पर एक OTP आएगा। OTP डालते ही भरा हुआ आवेदन फॉर्म स्क्रीन पर दिखाई देगा।आवेदन फॉर्म की जांच कर उसका प्रिंट आउट निकाल सकते हैं।
इतने पदों पर होगी भर्ती
बता दें कि इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 7,994 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इनमें अलग-अलग वर्गों के लिए पद तय किए गए हैं। अनारक्षित वर्ग के लिए 4,165 पद, अनुसूचित जाति के लिए 1,446 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 150 पद, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1,441 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 792 पद, महिला उम्मीदवारों के लिए 1,592 पद, भूतपूर्व सैनिकों के लिए 391 पद, उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए 152 पद और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों के लिए 152 पद तय किए गए हैं।
जरूरी तिथियां
ऑनलाइन आवेदन प्रोसेस शुरू होने की तारीख: 29 दिसंबर 2025
आवेदन पत्र और फीस जमा करने की लास्ट डेट: 28 जनवरी 2026
आवेदन में संशोधन की लास्ट डेट: 4 फरवरी 2026
यह भी पढ़ें: UGC NET Admit Card 2025 Link: 2 जनवरी की परीक्षा के लिए यूजीसी नेट एडमिट कार्ड हुआ जारी, ऐसे करें डाउनलोड
शैक्षणिक योग्यता
आयोग साफ कर चुका है कि अभ्यर्थियों की शॉर्टलिस्टिंग पीईटी 2025 के स्कोर के आधार पर ही की जाएगी। जिन उम्मीदवारों को पीईटी में शून्य या नकारात्मक अंक मिले हैं, उन्हें शॉर्टलिस्ट नहीं किया जाएगा। साथ ही इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार को किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट (12वीं) पास होना जरूरी है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
वहीं आयु सीमा की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित वर्ग से आने वाले उम्मीदवारों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी। वहीं आवेदन शुल्क की बात की जाए, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए सामान्य, ओबीसी, एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 25 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा।