
BTSC Recruitment 2025: बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) की ओर से डेंटल हाइजीनिस्ट पदों पर भर्ती निकाली गई है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 702 पदों को भरा जाएगा। इस भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 अक्टूबर से शुरू कर दी गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट btsc.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 10 नवंबर, 2025 तय की गई है।
इतने पदों पर होगी भर्ती
आपको बता दें कि इस भर्ती के जरिए कुल 702 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। जिसमें 281 पद अनारक्षित वर्ग, 70 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS), 112 पद अनुसूचित जाति (SC), 7 पद अनुसूचित जनजाति (ST), 127 पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग (EBC), 84 पद पिछड़ा वर्ग (BC) और 21 पद पिछड़े वर्गों की महिलाओं के लिए शामिल हैं।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
बता दें कि इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 37 वर्ष होनी चाहिए। वहीं, सामान्य महिला, पिछड़ा वर्ग और अत्यंत पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष, जबकि एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 42 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन शुल्क की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए सभी वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा।
शैक्षणिक योग्यता
वहीं, शैक्षणिक योग्यता की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन करने के लिए उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कक्षा बारहवीं जीव विज्ञान विषय से उत्तीर्ण हो। इसके साथ ही सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से डेंटल हाइजीनिस्ट में दो वर्षीय डिप्लोमा अनिवार्य है। इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और कार्यानुभव के आधार पर किया जाएगा।