DU Admission 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) में ग्रेजुएशन (UG) कोर्स में एडमिशन लेने का सपना देख रहे छात्रों के लिए बड़ा अपडेट आया है। यूनिवर्सिटी ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए एडमिशन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिन छात्रों ने इस साल CUET (UG) 2026 की परीक्षा दी है, वे अब डीयू के CSAS पोर्टल https://admission.uod.ac.in/ पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। बता दें कि डीयू के 67 कॉलेजों की लगभग 71 हजार सीटों पर 73 अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम और 100 से ज्यादा बी.ए. प्रोग्राम में दाखिला सिर्फ इसी पोर्टल के जरिए होगा।
3 चरणों में पूरी होगी प्रक्रिया
आपको बता दें कि दिल्ली यूनिवर्सिटी ने साफ किया है कि इस बार एडमिशन की पूरी प्रक्रिया तीन अलग-अलग चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण में छात्रों को डीयू के पोर्टल पर जाकर अपनी बेसिक जानकारी भरनी होगी और रजिस्ट्रेशन पूरा करना होगा। दूसरे चरण में छात्रों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स (प्रिफरेंस) चुनने का मौका मिलेगा। इसका शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा। वहीं तीसरे चरण में छात्रों के CUET स्कोर और उनकी पसंद के आधार पर सीटें अलॉट की जाएंगी और एडमिशन फाइनल होगा।
कितना लगेगा आवेदन शुल्क
CSAS (UG)-2026 के लिए आवेदन करते समय उम्मीदवारों को एक बार आवेदन शुल्क जमा करना होगा। जो नॉन-रिफंडेबल होगी। CSAS में रजिस्ट्रेशन करने के लिए UR / OBC-NCL / EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये आवेदन शुल्क जमा करना होगा। जबकि SC / ST / PwBD वर्ग के उम्मीदवारों को 100 रुपये शुल्क देना होगा।
किन कोर्स के लिए देना होगा अतिरिक्त शुल्क
वहीं अगर आप BFA, B.Sc (PE, HE & S) या B.A. (Hons.) Music में अप्लाई कर रहे हैं, तो ₹400 एक्स्ट्रा देने होंगे। ECA और स्पोर्ट्स सुपरन्यूमेरेरी कोटा के तहत आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को प्रत्येक कोटा के लिए 100 रुपये अतिरिक्त जमा करने होंगे। याद रखें, फीस जमा होने के बाद ही आपका फॉर्म पूरा माना जाएगा।
कैसे करें अप्लाई?
1. सबसे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी की आधिकारिक एडमिशन वेबसाइट https://admission.uod.ac.in/ पर जाएं।
2. इसके बाद CSAS (UG)-2026 पोर्टल पर जाकर खुद को रजिस्टर करें।
3. अपने CUET एप्लीकेशन नंबर की मदद से लॉग इन करें।
4. फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी दर्ज करें।
5. अंत में आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म सबमिट कर दें।
जल्द जारी होगा दूसरा शेड्यूल
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने सभी छात्रों को सलाह दी है कि वे एडमिशन से जुड़े नए अपडेट्स और तारीखों की जानकारी के लिए समय-समय पर यूनिवर्सिटी की वेबसाइट चेक करते रहें। यूनिवर्सिटी ने यह भी बताया है कि CSAS (UG)-2026 के दूसरे चरण (Phase-II) का शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।