.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D78a70678-7809-44dc-91ae-ca9c1c222afc&w=3840&q=75)
Lok Sabha: मानसून सत्र में विपक्षी सदस्यों की नारेबाजी और विरोध के बीच निचले सदन की कार्यवाही शुक्रवार को भी स्थगित कर दी गई। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में गतिरोध समाप्त करने के लिए सभी दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई और सदस्यों से सदन को सुचारू रूप से चलने देने का आग्रह किया। वहीं बैठक के दौरान ऑपरेशन सिंदूर पर एक सत्र आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में सोमवार से कामकाज सुचारू रूप से चलाने पर सभी विपक्षी दलों के साथ सहमति बन गई है।
28 जुलाई से होगी नियमित कार्यवाही
इससे पहले आज सुबह राज्यसभा और लोकसभा दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। सोमवार (28 जुलाई) से सदन सुचारू रूप से चलाने पर सहमति बन गई है। उच्च सदन की बैठक अब सोमवार सुबह 11 बजे होगी, जबकि लोकसभा दोपहर 2 बजे फिर से शुरू होगी।
विपक्ष के सदस्यों के साथ की वार्ता
इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ने कहा था कि वह सरकार की प्रतिनिधि को बुलाकर विपक्ष के सदस्यों के साथ वार्ता कर समस्या का समाधान निकाल सकते हैं। लेकिन, इसके लिए सदस्यों को चर्चा के लिए आना होगा और जानबूझकर सदन में बाधा न डाले। ओम बिरला ने कहा कि गतिरोध दूर करने के लिए सभी को आपस में बात करनी होगी और सदन चलना चाहिए। क्योंकि देश की आबादी एक-एक सदस्य से अपने भविष्य की योजनाओं के लिए आस लगाई है और उन्हें उम्मीद रहती है कि संसद में उनके प्रतिनिधि उनके हित के लिए काम करेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन के कामकाज पर चर्चा के लिए सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। बैठक में आम सहमति बनाने की कोशिशें जारी हैं। pic.twitter.com/nwU1yexHnC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 25, 2025
विपक्षी सांसदों ने किया था प्रदर्शन
बता दें कि संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष प्रदर्शन किया। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं।