Reliance Independence Biscuits : रिलायंस इंडस्ट्रीज अब बिस्किट बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी की FMCG इकाई रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने अपने इंडिपेंडेंस ब्रांड के तहत बिस्किट पोर्टफोलियो का बड़ा विस्तार किया है। इसकी शुरुआत तमिलनाडु के बाजार से की गई है, जहां कंपनी ने 9 फ्लेवर कैटेगरी में कुल 28 नए SKU पेश किए हैं। कंपनी का लक्ष्य रोजमर्रा के नाश्ते से लेकर अलग-अलग स्वाद पसंद करने वाले ग्राहकों तक पहुंच बनाना है। खास बात यह है कि इन बिस्किट की कीमत 5 रुपये से शुरू होकर 125 रुपये तक रखी गई है।
नौ फ्लेवर में मिलेंगे नए बिस्किट
RCPL ने अपने नए पोर्टफोलियो में अलग-अलग पसंद और जरूरतों को ध्यान में रखा है। इसमें पावर अप, बटर ब्लिस, मिल्क पावर, मैरी प्राइम, कोको वैनिला एंड चॉकलेट, क्रीमयम ऑरेंज, क्रीमयम चॉको, कोको बोरबॉन और ग्लूकोज बूस्ट जैसे नौ प्रमुख वैरिएंट शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, इन उत्पादों को अलग-अलग स्वाद और उपभोग के मौकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इस तरह रिलायंस एक ही ब्रांड के तहत ग्लूकोज, क्रीम, मैरी और चॉकलेट जैसे विभिन्न विकल्प उपलब्ध कराना चाहती है।
पांच रुपये से 125 रुपये तक पैक
कंपनी ने अपने बिस्किट को अलग-अलग बजट के ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कई कीमतों वाले पैक पेश किए हैं। इनमें 5 रुपये के ट्रायल पैक, 10 रुपये के शेयरिंग पैक और 40 रुपये से लेकर 125 रुपये तक के बड़े होम पैक शामिल हैं। इसका उद्देश्य छोटे ग्राहकों से लेकर परिवार के लिए खरीदारी करने वालों तक पहुंच बनाना है। वहीं, इंडिपेंडेंस पावर अप को दूध, ग्लूकोज और प्रोटीन के कॉम्बिनेशन के साथ पेश किया गया है। कंपनी इसे अपने नए पोर्टफोलियो के प्रमुख उत्पादों में शामिल कर रही है।
ये भी पढ़ें : PNB की 10,500 शाखाओं पर मंडराया ऑडिट का खतरा, 11 करोड़ के फ्रॉड ने खोली बैंकिंग सिस्टम की पोल?
तमिलनाडु में उत्पादन बढ़ाने की तैयारी
RCPL के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार के मुताबिक, तमिलनाडु बिस्किट कारोबार के लिए महत्वपूर्ण बाजार है। कंपनी का विजन 'ईच कंज्यूमर, ईच ओकेजन' यानी हर उपभोक्ता और हर अवसर तक पहुंच बनाने का है। कंपनी राज्य में अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाकर बिस्किट कारोबार का विस्तार करना चाहती है। इससे स्थानीय बाजार में उत्पादों की उपलब्धता बढ़ाने और अधिक से अधिक दुकानों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
अजीत कुमार रेसिंग से की साझेदारी
अपने नए उत्पाद इंडिपेंडेंस पावर अप की पहचान बढ़ाने के लिए रिलायंस ने अजीत कुमार रेसिंग के साथ ब्रांड पार्टनरशिप की है। इसके जरिए कंपनी तमिलनाडु में ब्रांड की लोकप्रियता और विजिबिलिटी बढ़ाने की कोशिश करेगी। उत्पादों को सामान्य किराना दुकानों, आधुनिक रिटेल स्टोर्स, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रिलायंस रिटेल और होलसेल नेटवर्क के माध्यम से ग्राहकों तक पहुंचाने की योजना है। अब देखना होगा कि बिस्किट के स्थापित ब्रांडों के बीच रिलायंस का इंडिपेंडेंस ब्रांड कितनी मजबूत जगह बना पाता है।