अनिल अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने सितंबर तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए हैं। कंपनी ने इस दौरान मुनाफे और राजस्व दोनों में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया, जिससे निवेशकों का उत्साह बढ़ गया। नतीजों के बाद कंपनी के शेयर 3% तक चढ़ गए और 178 रुपये के स्तर पर पहुंच गए। तिमाही के दौरान कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट ₹1,911.19 करोड़ रहा, जो पिछली तिमाही (Q1FY26) के ₹59.84 करोड़ की तुलना में कई गुना ज्यादा है। वहीं, पिछले साल की समान तिमाही (Q2FY25) में कंपनी ने ₹4,082.53 करोड़ का नुकसान दर्ज किया था।
कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर का कर-पूर्व लाभ (PBT) भी बढ़कर ₹2,546 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹3,527 करोड़ था। कंपनी का EBITDA साल-दर-साल 202% की वृद्धि के साथ ₹2,265 करोड़ पर पहुंच गया। वहीं, कुल कंसोलिडेटेड आय तिमाही-दर-तिमाही 5% बढ़कर ₹6,309 करोड़ रही। हालांकि, पिछले वर्ष की समान तिमाही में यह ₹7,345 करोड़ थी। कंपनी की मजबूत वित्तीय स्थिति ने बाजार में फिर से भरोसा जगाया है, जो लंबे समय से दबाव में थी।
कंपनी की नेटवर्थ ₹16,921 करोड़
कंपनी की नेटवर्थ में 14% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 30 सितंबर 2025 तक कंपनी की कुल नेटवर्थ ₹16,921 करोड़ रही, जबकि जून तिमाही में यह ₹14,855 करोड़ थी। कंपनी ने बताया कि उसका स्टैंडअलोन बैंक डेब्ट अब शून्य है, और स्टैंडअलोन नेटवर्थ ₹24,340 करोड़ पर पहुंच गई है। कंपनी के कुल कंसोलिडेटेड एसेट्स ₹69,708 करोड़ तक पहुंच चुके हैं। खास बात यह है कि रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर के पास 7 लाख से अधिक रिटेल शेयरधारकों का बड़ा निवेशक आधार मौजूद है।
आगे की योजनाओं की भी जानकारी
कंपनी ने आगे की योजनाओं की भी जानकारी दी है। निदेशक मंडल ने 600 मिलियन डॉलर (करीब ₹5,000 करोड़) तक की पूंजी जुटाने के लिए विदेशी मुद्रा परिवर्तनीय बांड (FCCBs) जारी करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा, कंपनी ने अपने ESOP प्लान के तहत 51 लाख स्टॉक ऑप्शंस प्रदान किए हैं, जो ₹10 अंकित मूल्य वाले शेयरों के बराबर होंगे। वहीं, प्रवर्तन निदेशालय (ED) और सेबी (SEBI) की हालिया जांच पर कंपनी ने कहा है कि ये कानूनी कार्यवाहियां कंपनी के संचालन या वित्तीय प्रदर्शन पर कोई प्रभाव नहीं डालेंगी। कंपनी का कहना है कि वह कानून के अनुसार सभी जरूरी कदम उठा रही है और अपनी मजबूत बुनियाद पर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध है।