Relief for Delhi-NCR: नए साल की शुरुआत से पहले दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर आई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। कंपनी ने घरेलू रसोई गैस के दाम 70 पैसे प्रति एससीएम घटाए हैं। यह नई दरें 1 जनवरी से लागू होंगी, जिससे लाखों उपभोक्ताओं को सीधा फायदा मिलेगा और मासिक गैस बिल में कुछ राहत महसूस होगी।
दिल्ली, गुरुग्राम और नोएडा में क्या होंगे नए रेट
कीमतों में कटौती के बाद दिल्ली में PNG का नया रेट 47.89 रुपये प्रति एससीएम तय किया गया है। वहीं गुरुग्राम के उपभोक्ताओं को 46.70 रुपये प्रति एससीएम की दर से गैस मिलेगी। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में यह कीमत 47.76 रुपये प्रति एससीएम होगी। IGL ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि नए साल के मौके पर ग्राहकों को राहत देना इस फैसले का मुख्य उद्देश्य है।
यह भी देखेंःYear Ender 2025: राजनीति से सिनेमा तक, इन दिग्गजों की विदाई से सूना हुआ साल
पाइपलाइन टैरिफ में बदलाव का असर
IGL के अनुसार, यह कटौती पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (PNGRB) द्वारा गैस पाइपलाइन शुल्क व्यवस्था में किए गए बदलावों के बाद संभव हो पाई है। नियामक बोर्ड ने हाल ही में नेचुरल गैस ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम को सरल और किफायती बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं। 1 जनवरी 2026 से लागू होने वाले इस सिस्टम के तहत दूरी आधारित टैरिफ जोन की संख्या घटाकर दो कर दी गई है। इससे घरेलू PNG और CNG उपभोक्ताओं को पूरे देश में समान और कम दर पर गैस उपलब्ध कराना आसान होगा। IGL ने कहा कि कंपनी स्वच्छ और किफायती ऊर्जा को हर घर तक पहुंचाने की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता पर आगे भी काम करती रहेगी।