Smart Meter Consumers: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उत्तर प्रदेश में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी गई है। ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने बताया कि अब जीरो बैलेंस होने पर भी अधिकतम 3 दिन या 200 रुपये तक (2 किलोवाट भार तक) बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होगी। इसके साथ ही तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक पुराने मीटरों को स्मार्ट मीटर से बदलने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है।
जीरो बैलेंस पर भी मिलेगी राहत
नई व्यवस्था के तहत स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बिजली तुरंत नहीं काटी जाएगी। यदि बैलेंस खत्म हो जाता है, तब भी उपभोक्ताओं को सीमित अवधि तक बिजली मिलती रहेगी। इसका उद्देश्य खासकर गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देना है। साथ ही 5-स्तरीय एसएमएस अलर्ट प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे उपभोक्ताओं को समय-समय पर बैलेंस की जानकारी मिलती रहे।
नहीं कटेगा कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में किसी भी स्थिति में बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। विभाग को मानवीय दृष्टिकोण अपनाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। यह कदम उपभोक्ता हितों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
यह भी देखेंःMajor raids in Kolkata: प्रवर्तन निदेशालय का बड़ा एक्शन, बंगाल चुनाव से पहले कोलकाता में छापेमारी
नहीं होगी बिजली कटौती
जहां हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, वहां उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत दी गई है। पहले 15 दिन की कन्वर्जन अवधि और उसके बाद 30 दिन तक यानी कुल 45 दिन तक किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इससे नए सिस्टम को समझने और अपनाने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा।
शिकायत व्यवस्था मजबूत
स्मार्ट मीटर की गुणवत्ता जांच के लिए चार सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, जिसमें IIT Kanpur के विशेषज्ञ भी शामिल हैं। यह समिति 10 दिनों में अपनी रिपोर्ट देगी। साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण के लिए टोल फ्री नंबर 1912, आधिकारिक वेबसाइट और व्हाट्सएप चैटबॉट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।