हिंडन नदी के किनारे पुराने गोवंश के अवशेष मिलने से हड़कंप मच गया। रविवार को इस घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय गौरक्षा दल के संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खिवाई पुलिस चौकी पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा
सरुरपुर थाना की खिवाई चौकी क्षेत्र के हिंडन नदी के किनारे गोवंश के अवशेष के मिलने की सूचना पर राष्ट्रीय गौरक्षा दल संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने खिवाई चौकी पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकताओं ने आरोप लगाया कि ऐसी घटनाएं सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की पहचान करते हुए उनकी खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही
पुलिस के अनुसार गोवंश के अवशेष कहीं और से हिंडन नदी में बहाए गए थे, जो बहाव के साथ नदी किनारे आकर फंस गए। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और अवशेषों को अपने कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी गौरव सिंह ने जानकारी दी कि मामले की जांच जारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उन्होंने जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान राष्ट्रीय गौ रक्षा दल के सागर चौहान, कुलदीप चौहान, विक्रम सिंह, सचिन, जितेंद्र चौहान, रवि कश्यप, रोहित, सभासद विजयपाल और नामित सभासद हर्ष चौहान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।