भारतीय रिजर्व बैंक ने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट की कटौती कर दी है। दर 5.50% से घटकर 5.25% हो गई है और इसका असर बाजार में तुरंत दिखा। शुक्रवार सुबह से ही सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखी गई। सेंसेक्स 200 अंक चढ़कर 85,500 से ऊपर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 75 अंकों की छलांग लगाते हुए 26,100 के पार निकल गया। बैंक निफ्टी में भी लगभग 200 अंकों की जोरदार उछाल दर्ज की गई। बैंकिंग, डिफेंस और आईटी सेक्टर इस तेजी के सबसे बड़े नेता बने हुए हैं।
कौन से शेयर बने बाजार के स्टार?
रेपो रेट में कटौती के बाद कई शेयरों में गजब की तेजी देखने को मिली। Shriram Pistons & Rings में 9% की उछाल आई और यह शेयर 2,855 रुपये पर पहुंच गया। Lloyds Engineering के शेयर 6% चढ़े, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंस 5% ऊपर गया। बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस, HCL टेक, इंफोसिस और SBI कार्ड के शेयरों में भी 1–2% की बढ़त देखने को मिली। आईटी और बैंकिंग सेक्टर की तेजी ने बाजार का माहौल पूरी तरह बदल दिया। वहीं Zomato, BEL और Bajaj Finance की रैली ने निवेशकों के पोर्टफोलियो में नई चमक भर दी।
ये भी पढ़ें : EMI वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, RBI का बड़ा फैसला… क्या अब सच में सस्ते हो जाएंगे आपके लोन?
किन शेयरों पर पड़ी सबसे बड़ी मार?
जहां एक तरफ काफी शेयरों में तेजी आई, वहीं कुछ कंपनियों में जोरदार गिरावट भी देखने को मिली। हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी का शेयर 8% टूट गया और 20 रुपये तक गिर गया। Kaynes Technology में 4% से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई। India Cement और Route Mobile के शेयर भी 4% फिसले। मार्केट की इस हलचल ने साफ दिखा दिया कि निवेशकों के लिए हर सेक्टर आज लाभदायक नहीं रहा, कुछ शेयरों में भारी बिकवाली हावी रही।
किन सेक्टरों में दिखा दम, किसमें रही कमजोरी?
सेक्टरों की बात करें तो IT, FMCG और ऑटो सेक्टर्स ने जोरदार प्रदर्शन किया। डिफेंस सेक्टर में भी शानदार तेजी दर्ज हुई। हालांकि मीडिया, मेटल, फार्मा और PSU बैंक सेक्टर्स थोड़े कमजोर नजर आए। BSE पर आज कुल 3,342 शेयर एक्टिव रहे, जिनमें से 1,326 शेयर चढ़े और 1,847 गिरे। 42 शेयर 52-सप्ताह के हाई पर पहुंच गए, जबकि 140 शेयर लो पर फिसल गए। कई शेयरों में अपर सर्किट लगा तो कई में लोअर सर्किट देखने को मिला।