NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे उन मैसेजों पर संज्ञान लिया है, जिनमें दोबारा होने वाली परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया गया है। एनटीए ने इस पर सख्त रूप अपनाते हुए इन दावों को खारिज कर दिया है। एनटीए ने साफ कर दिया है कि पहले से पेपर मिलने या पेपर बेचे जाने के जितने भी दावे किए जा रहे हैं, वे सब पूरी तरह से झूठे, फर्जी और गुमराह करने वाले हैं। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों को सख्त हिदायत दी है कि वे ऐसे किसी भी झांसे में न आएं और किसी को भी पैसे न दें।
सभी दावे पूरी तरह से झूठे
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आधिकारिक बयान जारी किया है। जिसमें एनटीए ने बताया कि सोशल मीडिया पर जो भी दावे किए जा रहे हैं, वे संगठित नकल माफिया और ठगों का काम हैं। यह गैंग परीक्षा के समय छात्रों और उनके परिवारों के तनाव व घबराहट का फायदा उठा रहा है। ठग फर्जी पेपर बेचने के नाम पर लोगों से मोटी रकम ऐंठने का धंधा चला रहे हैं। एजेंसी के मुताबिक, इंटरनेट पर चल रहा ऐसा हर एक दावा पूरी तरह मनगढ़ंत और बकवास है।
परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित है
परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता और सुरक्षा पूरी तरह बरकरार है। सभी उम्मीदवारों के लिए एक निष्पक्ष और सुरक्षित परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर जरूरी कड़ा नियम लागू है।
फर्जी अकाउंट्स पर एक्शन
एनटीए सोशल मीडिया पर झूठ फैलाने वाले ऐसे सभी चैनलों और अकाउंट्स की पहचान कर रहा है। साइबर क्राइम टीम को इसकी रिपोर्ट भेजी जा रही है ताकि इन अकाउंट्स को तुरंत बंद कराया जा सके।
दर्ज हो रही एफआईआर
एनटीए इस मामले में कानून लागू करने वाली एजेंसियों और साइबर क्राइम सेल में औपचारिक शिकायत दर्ज करा रहा है। छात्रों को ठगने का प्रयास एक गंभीर और दंडनीय अपराध है, जिसमें शामिल लोगों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होगी
झांसे में न आएं माता-पिता और छात्र
उम्मीदवारों और माता-पिता को सख्त सलाह दी जाती है कि वे ऐसे किसी भी मैसेज पर ध्यान न दें, किसी को पैसे न दें, इसे आगे फॉरवर्ड न करें और इन ठगों के झांसे में न आएं।
केवल आधिकारिक वेबसाइट पर करें भरोसा
हम सभी उम्मीदवारों से अपील करते हैं कि वे इन अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। कोई भी सही जानकारी केवल इन्हीं आधिकारिक स्रोतों से मिलेगी। आप पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी तैयारी पर ध्यान दें। आपकी कड़ी मेहनत ही सबसे ज्यादा मायने रखती है, और NTA एक निष्पक्ष, सुरक्षित और विश्वसनीय परीक्षा आयोजित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।