देश 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। दिल्ली के कर्तव्य पथ पर भव्य परेड और राष्ट्रीय समारोह आयोजित होंगे। इसे लेकर राजधानी में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर खास इंतजाम किए गए हैं। आम लोगों की आवाजाही सुचारू रहे और किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और दिल्ली मेट्रो ने पहले से दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।
रिहर्सल के चलते बदले ट्रैफिक रूट
गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल 17 जनवरी से शुरू हो चुकी है। 19, 20 और 21 जनवरी को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक रिहर्सल होगी। इस दौरान विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पूरी तरह बंद रहेगा। कर्तव्य पथ रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड और सी हेक्सागन पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि जरूरी होने पर ही निकलें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
दिल्ली मेट्रो का बदला हुआ टाइमिंग
गणतंत्र दिवस के दिन भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने खास व्यवस्था की है। इस बार मेट्रो सेवाएं सुबह 3 बजे से शुरू होंगी। 3 बजे से 6 बजे तक सभी लाइनों पर हर 15 मिनट में मेट्रो उपलब्ध रहेगी। इसके बाद सामान्य समय सारिणी के अनुसार सेवाएं चलेंगी। सभी स्टेशनों पर यात्रियों को सही जानकारी देने के लिए पब्लिक अनाउंसमेंट किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें : दावोस में ट्रंप का चौंकाने वाला बयान: ‘हां, मैं तानाशाह हूं’, दुनिया भर में मची राजनीतिक हलचल
एनक्लोजर के हिसाब से मेट्रो स्टेशन
इस साल परेड देखने के लिए बनाए गए एनक्लोजर भारतीय नदियों के नाम पर रखे गए हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपने एनक्लोजर के अनुसार ही तय मेट्रो स्टेशन पर उतरें। विशेष आमंत्रित मेहमानों को डिजिटल पास के जरिए मेट्रो में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी, जिससे उन्हें अलग से टिकट लेने की जरूरत नहीं होगी।
क्यूआर कोड आधारित पार्किंग व्यवस्था
गणतंत्र दिवस समारोह के लिए इस बार 22 पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इन पार्किंग एरिया में क्यूआर कोड आधारित सिस्टम लागू किया गया है। करीब 8000 वाहनों की पार्किंग की सुविधा रहेगी। दर्शक अपने पास पर बने क्यूआर कोड को स्कैन करके अपने एनक्लोजर के सबसे नजदीकी पार्किंग स्थल तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और जरूरी नियम
कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में बहु स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सीसीटीवी कैमरों और फेशियल रिकग्निशन सिस्टम से निगरानी होगी। स्नाइपर टीम और एंटी ड्रोन यूनिट तैनात रहेंगी। एनक्लोजर में सिर्फ मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति होगी। बैग, खाने पीने का सामान, पानी की बोतल, पावर बैंक, छाता, परफ्यूम, लाइटर, माचिस और किसी भी तरह की नुकीली या संदिग्ध वस्तु ले जाना सख्त मना है। लोगों से अपील है कि वे नियमों का पालन कर कार्यक्रम को सुरक्षित और सफल बनाएं।