दिल्ली में आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड 2026 को लेकर गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है। 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल और 26 जनवरी को मुख्य परेड के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था रहेगी। डीसीपी यातायात मनीषा सिंह ने बताया कि डायवर्जन प्लान 22 जनवरी की रात 10 बजे से 26 जनवरी को कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। इस दौरान सुरक्षा कारणों से गौतमबुद्ध नगर से दिल्ली राज्य में प्रवेश करने वाले भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि आपातकालीन वाहन जैसे एंबुलेंस और फायर सर्विस को छूट दी जाएगी।
डायवर्जन व्यवस्था
चिल्ला लालबत्ती (बॉर्डर): यहां से दिल्ली जाने वाले वाहन यूटर्न लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाएंगे।
डीएनडी (बॉर्डर): डीएनडी टोल प्लाजा से यूटर्न लेकर वाहन ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से संचालित होंगे।
कालिंदी कुंज यमुना (बॉर्डर): यमुना नदी से पहले अंडरपास तिराहा से वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा और वे ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे जाएंगे।
यमुना एक्सप्रेसवे (फलैदा कट, खुपुरा): सर्विस रोड से होकर गलगोटिया, गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी, पुस्ता तिराहा, होंडा सीएल चौक और कस्बा कासना से ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
यमुना एक्सप्रेसवे (जीरो प्वाइंट): यहां से वाहनों को परीचौक की ओर डायवर्ट कर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे से आगे भेजा जाएगा।
शिकायत और हेल्पलाइन
यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान और यातायात नियमों का पालन करें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। यदि जाम या अन्य समस्या हो तो हेल्पलाइन नंबर 9971009001 या गौतमबुद्ध नगर यातायात पुलिस के एक्स अकाउंट पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। यह व्यवस्था 23 जनवरी और 26 जनवरी को परेड के सफल आयोजन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है।