Andhra Pradesh train seat dispute: आंध्र प्रदेश में चल रही येलाहांका-काचेगुडा एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक गंभीर घटना में बदल गया। जनरल कोच में सफर कर रहे दो यात्रियों के बीच बैठने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि एक यात्री ने अपना आपा खो दिया और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सामान्य यात्रा कर रहे अन्य यात्री इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से हैरान रह गए।
पिस्तौल निकालकर दी धमकी
विवाद के दौरान एक यात्री ने लाइसेंसी पिस्तौल निकाल ली और सामने वाले यात्री समेत कोच में मौजूद लोगों को धमकाने लगा। हथियार देखकर डिब्बे में बैठे लोगों में दहशत फैल गई। कुछ यात्री अपनी सीट छोड़कर दूर हट गए तो कुछ ने स्थिति को शांत कराने की कोशिश की। इसी बीच एक सतर्क यात्री ने दूर से घटना की तस्वीरें खींच लीं और तुरंत रेलवे सुरक्षा बल को इसकी सूचना दे दी।
यह भी देखेंःमिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार सतर्क, फंसे नागरिकों के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन जारी
आरोपी हिरासत में
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। जब ट्रेन गुंटकल रेलवे डिवीजन पहुंची तो अधिकारियों ने उसे रोककर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मनोहर के रूप में हुई, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के सेवानिवृत्त कांस्टेबल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उसके पास से लाइसेंसी पिस्तौल बरामद की।
सख्त कार्रवाई के संकेत
रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया कि भले ही हथियार लाइसेंसी था, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर उसे निकालकर लोगों को धमकाना गंभीर मामला है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिकायत किसने और कैसे दर्ज कराई। इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।