मध्य प्रदेश के इटारसी रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह रीवा-भोपाल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन में अचानक आग लगने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी थी। रेलवे स्टाफ की सूझबूझ और तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। बाद में नया इंजन लगाकर ट्रेन को भोपाल की ओर रवाना किया गया।
इटारसी स्टेशन पर मचा हड़कंप
सुबह करीब 6 बजे 22146 रीवा-भोपाल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत घोषणा कर यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर 2 से दूर रहने की सलाह दी। स्थिति कुछ देर के लिए अफरातफरी भरी रही।
रीवा से चली थी ट्रेन
ट्रेन शनिवार रात 10 बजकर 23 मिनट पर रीवा स्टेशन से भोपाल के लिए रवाना हुई थी। यह सतना, कटनी और जबलपुर होते हुए इटारसी पहुंची। इटारसी में ही इंजन के अंदर तकनीकी खराबी के चलते धुआं उठने लगा। घटना के दौरान सभी यात्री सुरक्षित थे।
कर्मचारियों की तत्परता से बचा बड़ा हादसा
रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत इंजन को ट्रेन से अलग कर दिया और फायर टीम को सूचना दी। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण आग फैलने से पहले ही काबू में कर ली गई। किसी भी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा।
नया इंजन लगाकर ट्रेन रवाना
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद नया इंजन जोड़ा गया और ट्रेन को सुरक्षित रूप से भोपाल की ओर रवाना कर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इंजन में तकनीकी खराबी आग लगने की वजह बनी।