Rewa Delivery Bag Dead Body---रीवा के सोहागी थाना क्षेत्र में NH-30 से लगे सोहागी पहाड़ पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक डिलीवरी बैग के अंदर करीब 35 वर्षीय युवक का शव मिला। बैग से तेज दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग खोलकर देखा तो उसमें युवक का क्षत-विक्षत शव था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बच्चों और चरवाहों ने देखा था बैग
बताया गया कि शुक्रवार दोपहर कुछ स्थानीय बच्चे और चरवाहे पहाड़ी इलाके की तरफ गए थे। इसी दौरान उन्हें जंगल के बीच एक डिलीवरी बैग पड़ा दिखाई दिया। बैग से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान बैग के अंदर शव मिलने से हड़कंप मच गया।
शव की अब तक नहीं हो सकी पहचान
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक शव करीब 3 से 4 दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
क्या युवक था डिलीवरी बॉय? लूट के एंगल पर भी जांच
शव का डिलीवरी बैग के अंदर मिलना पुलिस के लिए जांच का अहम बिंदु बना हुआ है। पुलिस इस संभावना को भी ध्यान में रख रही है कि मृतक डिलीवरी कर्मचारी हो सकता है। इसके अलावा लूट के बाद हत्या कर शव को बैग में भरकर सुनसान इलाके में फेंके जाने के एंगल से भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की वजह या घटना को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।
यूपी सीमा से सटे इलाके में पुलिस की जांच तेज
सोहागी क्षेत्र उत्तर प्रदेश की सीमा से लगा हुआ है। ऐसे में पुलिस मामले की जांच में अंतरराज्यीय कनेक्शन की संभावना को भी ध्यान में रख रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक कौन था, वह कहां का रहने वाला था और शव को डिलीवरी बैग में रखकर पहाड़ी इलाके तक कौन लेकर आया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे पहाड़ पर बैग पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग की जांच की तो अंदर युवक का शव मिला। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। अब पुलिस मृतक की पहचान के साथ घटनाक्रम की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की वास्तविक वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।