Hapur News: बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक सड़क हादसे में रिक्शा चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना बागड़पुर फ्लाईओवर के पास हुई। हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर सामान्य कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिकअप ने रिक्शे को पीछे से मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 4:46 बजे हुआ। अमरोहा से दिल्ली की ओर जा रही एक पिकअप बाबूगढ़ के बागड़पुर फ्लाईओवर पर काली नदी पुल के पास पहुंची। इसी दौरान पिकअप ने आगे चल रहे रिक्शे को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और पिकअप भी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायल चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हापुड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मृतक की पहचान बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बागड़पुर निवासी रवि के रूप में हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने पिकअप चालक की पहचान दक्षिणपुरी, अंबेडकर नगर (दिल्ली) निवासी आकाश पुत्र सावरेन के रूप में की है। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को क्रेन की मदद से हाईवे से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया।
मामले की जांच जारी
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक रिक्शा चालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।