भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह और जौनपुर की मछलीशहर सीट से समाजवादी पार्टी की युवा सांसद प्रिया सरोज की शादी होने वाली थी. दोनों परिवार इस शादी की तैयारियों में पूरी लगन से जुटे हुए थे. हालांकि अब खबर आ रही है कि रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी फिलहाल टाल दी गई है. इसके साथ ही दोनों परिवारों ने शादी की सभी तैयारियां भी रोक दी हैं.
18 नवंबर को होनी थी शादी
दरअसल, इसी महीने समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई हुई थी. दोनों ने लखनऊ के एक होटल में एक-दूसरे को अंगूठी पहनाकर अपनी सगाई की रस्म पूरी की थी. उनकी शादी इसी साल 18 नवंबर को तय की गई थी, लेकिन फिलहाल इसे टाल दिया गया है. शादी के टलने की वजह रिंकू सिंह की क्रिकेट से जुड़ी व्यस्तताओं को बताया जा रहा है.
शादी टालने की क्या है वजह?
बताया जा रहा है कि नवंबर में होने वाले क्रिकेट टूर्नामेंट के चलते रिंकू सिंह काफी व्यस्त रहेंगे. इसी कारण उनकी और सांसद प्रिया सरोज की शादी फिलहाल टाल दी गई है. दोनों की शादी वाराणसी के ताज होटल में होनी थी, लेकिन अब होटल की बुकिंग फरवरी महीने के अंत में कर दी गई है. हालांकि, अभी तक शादी की नई तारीख तय नहीं हुई है.
सगाई में शामिल हुई थीं कई नामचीन हस्तियां
बता दें कि इसी महीने हुई समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज और क्रिकेटर रिंकू सिंह की सगाई में खेल जगत और राजनीतिक क्षेत्र से कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुई थीं. इस सगाई का एक भावुक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें प्रिया सरोज की आंखों में आंसू नजर आए. लोगों को रिंकू और प्रिया की जोड़ी और उनका अंदाज काफी पसंद आया. दोनों सगाई के मौके पर बेहद खूबसूरत और आकर्षक नजर आ रहे थे.