टी20 और वनडे में धुआंधार बल्लेबाजी का जलवा दिखा चुके रिंकू सिंह अब टेस्ट क्रिकेट की दहलीज पर जोरदार दस्तक दे रहे हैं। तमिलनाडु के खिलाफ कोयंबटूर में चल रहे रणजी मुकाबले में रिंकू ने सीजन का दूसरा शतक जड़कर मैदान को धुआं-धुआं कर दिया। उन्होंने 157 गेंदों में 9 चौके और 3 छक्कों के साथ अपना शतक पूरा किया और नाबाद 103* रन पर डटे हुए हैं। उनकी यह पारी बताती है कि वह सिर्फ लिमिटेड ओवर क्रिकेट के सितारे नहीं, बल्कि लंबे फॉर्मेट के लिए भी पूरी तरह तैयार बल्लेबाज हैं।
165 रनों की मैराथन पारी खेली
रिंकू का यह सीजन लगातार शानदार रहा है। इससे पहले आंध्र प्रदेश के खिलाफ उन्होंने 165 रनों की मैराथन पारी खेली थी, जिसमें उन्होंने 273 गेंदें झेली थीं। उनकी इन दो शतकीय पारियों ने सेलेक्टर्स को साफ संदेश दे दिया है कि रिंकू टेस्ट टीम के लिए एक मजबूत विकल्प बन चुके हैं। लंबे समय तक क्रीज पर टिककर खेलने की उनकी क्षमता और धैर्य टीम इंडिया के लिए मिडिल ऑर्डर में बड़ा सहारा साबित हो सकता है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9वीं सेंचुरी
28 साल के रिंकू सिंह की यह रणजी सेंचुरी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनकी 9वीं सेंचुरी है, जो उनकी निरंतरता और क्लास को दिखाती है। टीम इंडिया के मिडिल ऑर्डर में हाल के समय में स्थिरता की जरूरत महसूस हो रही थी, और रिंकू उसी खाली स्थान को मजबूती से भर सकते हैं। गंभीर–गिल चयन समिति भी उनके निरंतर प्रदर्शन पर नजर रखे हुए है। अगर उन्हें जल्द मौका मिलता है, तो वह टेस्ट में वही आग उगलते दिखाई दे सकते हैं, जैसी उन्होंने T20 और ODI में दिखाई है।
इसे भी पढ़ें : IPL 2026 Mini Auction: 77 स्लॉट खाली, लेकिन ये 3 बड़े खिलाड़ी नहीं ले पाएंगे हिस्सा
टेस्ट डेब्यू की मांग तेज
फैंस भी रिंकू के इस प्रदर्शन को देखते हुए टेस्ट डेब्यू की मांग तेज कर चुके हैं। सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं कि अगर रिंकू को मौका मिला तो टीम इंडिया को नया मैच-विनर मिलेगा। रिंकू की फिटनेस, शॉट सिलेक्शन और लंबे समय तक बैटिंग करने की क्षमता उन्हें टेस्ट क्रिकेट का मजबूत दावेदार बनाती है। अब नजरें सिर्फ इस बात पर हैं कि उनकी ये शानदार फॉर्म कब टेस्ट कैप में बदलती है। फैंस को भरोसा है कि रिंकू आएंगे तो तहलका मचाकर ही लौटेंगे।