भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. इस बार वजह उनका क्रिकेट प्रदर्शन नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक वीडियो है, जो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में रिंकू सिंह अपनी मंगेतर प्रिया सरोज के ससुराल में नजर आ रहे हैं, जहां उनका पारंपरिक अंदाज में जोरदार स्वागत किया गया.
सास ने उतारी रिंकू की आरती
वीडियो में देखा जा सकता है कि रिंकू सिंह जब अपने ससुराल पहुंचे, तो उनकी होने वाली सास ने उन्हें आरती उतारकर और तिलक लगाकर स्वागत किया. इसके बाद रिंकू मुस्कुराते हुए घर के अंदर दाखिल होते हैं, जहां परिवार के अन्य सदस्य उन्हें गुलाब के फूल देकर खुशी जताते नजर आ रहे हैं. रिंकू सिंह भी इस मौके पर बेहद खुश और सहज नजर आए.
पहली बार ससुराल पहुंचे थे रिंकू
यह रिंकू सिंह की सगाई के बाद पहली बार ससुराल पहुंचे थे. इस वीडियो को अब तक 2.25 लाख से अधिक लोग लाइक कर चुके हैं, वहीं लाखों की संख्या में इसे देखा जा चुका है. सोशल मीडिया पर यूजर्स इस वीडियो पर मजेदार और भावुक प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. किसी ने लिखा, "भाभी जी कहां हैं?" तो किसी ने कहा, "इनको नजर न लगे." एक अन्य यूजर ने लिखा, "खुशी देख रहे हो बंदे की!"
सगाई में पहुंची थीं कई नामचीन हस्तियां
बता दें कि हाल ही में रिंकू सिंह की सगाई समाजवादी पार्टी की नव-निर्वाचित सांसद प्रिया सरोज से हुई थी. वाराणसी में आयोजित इस कार्यक्रम में राजनीतिक और खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की थी. सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी इस सगाई समारोह में मौजूद रहे.
सगाई के दौरान की कई तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए थे, जिनमें प्रिया सरोज को डांस करते हुए और रिंकू सिंह से अंगूठी पहनते समय भावुक होते हुए देखा गया थे. बता दें कि प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता तूफानी सरोज की बेटी हैं.
फिलहाल रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक विवाह समारोह वाराणसी में बड़े धूमधाम से आयोजित किया जाएगा. यह वीडियो रिंकू सिंह के फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है, जहां वो अपने सरल और पारिवारिक अंदाज से लोगों का दिल जीतते नजर आ रहे हैं.