आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत से ठीक पहले टीम इंडिया के स्टार फिनिशर रिंकू सिंह मुश्किल में फंस गए हैं। टूर्नामेंट का आगाज शनिवार 7 फरवरी से भारत में होने जा रहा है और पहले ही दिन भारत का मुकाबला USA से है। इसी बीच खबर सामने आई कि रिंकू के सोशल मीडिया अकाउंट पर साइबर अपराधियों ने हाथ साफ कर दिया है। अकाउंट हैक होने की आशंका के बाद परिवार की तरफ से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिससे हड़कंप मच गया है।
फेसबुक अकाउंट पर संदिग्ध गतिविधियां
जानकारी के मुताबिक रिंकू सिंह का फेसबुक अकाउंट हैक किया गया है, जिस पर करीब 1.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। अलीगढ़ पुलिस के एसएसपी नीरज जादौन ने बताया कि रिंकू ने खुद फोन पर पुलिस को इस बारे में अलर्ट किया था। रिंकू ने कहा कि वह कुछ समय से इस अकाउंट का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे, लेकिन फिर भी उस पर संदिग्ध गतिविधियां दिखने लगीं। इसी के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच शुरू की गई।
भाई की शिकायत पर दर्ज हुई FIR
रिंकू की शुरुआती जानकारी के बाद उनके भाई सोनू ने अलीगढ़ पुलिस में लिखित शिकायत दी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि अकाउंट कब हैक हुआ और इसके पीछे कौन लोग हैं। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी तरह के आर्थिक फ्रॉड की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इतने बड़े फॉलोअर्स वाले अकाउंट के गलत इस्तेमाल की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। पुलिस अब साइबर टीम की मदद से पूरे मामले की जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें : 14 साल के Vaibhav Suryavanshi का ऐतिहासिक विस्फोट, 175 रन की पारी ने पलटे रिकॉर्ड, बिहार के लाल ने हिला दिया विश्व क्रिकेट
USA के खिलाफ खेलने को तैयार रिंकू
इस पूरे मामले के बावजूद रिंकू सिंह का ध्यान मैदान पर बना हुआ है। वह इस समय मुंबई में टीम इंडिया के साथ हैं और USA के खिलाफ पहले मैच में उनके खेलने की पूरी संभावना है। हाल ही में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उन्होंने प्लेइंग इलेवन में वापसी की थी और अपनी दमदार बल्लेबाजी से प्रभावित किया था। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में भी रिंकू ने अच्छे शॉट लगाए थे। अब फैंस को उम्मीद है कि साइबर परेशानी से दूर रहकर रिंकू मैदान पर वही पुराना फिनिशर वाला जलवा दिखाएंगे।