
जनपद के चरथावल थाना क्षेत्र के तहत पुलिस चौकी कुटेसरा क्षेत्र के तहत गांव दहचंद मार्ग पर हंगामा कर रहे दो व्यक्तियों को गश्त पर निकले पुलिसकर्मियों की ओर से रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान दोनों ने पुलिस पर हमला करते हुए एक सिपाही की वर्दी फाड़ दी। सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी अभी फरार है।
पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड दी गयी
पुलिस क्षेत्राधिकारी सदर डॉ रविशंकर ने बताया कि मंगलवार 21 अक्टूबर की सांयकाल जनपद के थाना चरथावल अंतर्गत चौकी कुटेसरा पर तैनात पुलिसकर्मियों की ओर से सुरक्षा की दृष्टि से गश्त किया जा रहा था। गश्त के दौरान पुलिस बल की ओर से कुटेसरा दहचंद मार्ग पर 02 व्यक्तियों को हुडदंग करते हुए देखा तो उन्हे ऐसा न करने के लिए रोका गया। दोनों व्यक्तियों की ओर से पुलिस बल पर हमला करते हुए सिपाहियों के साथ मारपीट, गाली गलौच करते हुए वीडियो बनायी गयी तथा एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड दी गयी।
अफजाल निवासी कुटेसरा को गिरफ्तार कर लिया
इस सम्बन्ध में पुलिसकर्मी की ओर से थाना चरथावल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया गया है। पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की सूचना पर चरथावल थाना प्रभारी पुलिस बल लेकर घटनास्थल पर पहुंचे तथा हुडदंग कर रहे 01 अभियुक्त अफजाल निवासी कुटेसरा को गिरफ्तार कर लिया। सीओ सदर डॉ रविशंकर ने बताया कि इस मामले में अन्य आरोपी की तलाश को दबिश दी जा रही है।