Tej Pratap Yadav News : बिहार के नेता तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं. रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी ऐश्वर्या राय के साथ शादीशुदा जिंदगी में आई परेशानियों के बारे में बताया. तेज प्रताप ने अपने रिश्ते में तनाव, आपसी मतभेद और तलाक की नौबत आने से जुड़े कई दावे किए हैं। उनके इस बयान के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है.
शादी के तीन महीने बाद ही शुरू हो गए थे विवाद
तेज प्रताप यादव ने शो में सह-प्रतियोगी निहारिका तिवारी से बातचीत करते हुए दावा किया कि शादी के महज तीन महीने बाद ही उनके और ऐश्वर्या के बीच झगड़े शुरू हो गए थे. उन्होंने कहा कि दोनों की सोच और जीवनशैली में काफी अंतर था. तेज प्रताप के मुताबिक, उनकी शादी दबाव में हुई थी और रिश्ते में लगातार बढ़ते विवादों के कारण कई बार उनका घर लौटने का मन भी नहीं करता था.
पुराने बॉयफ्रेंड से चैटिंग करने का लगाया आरोप
बातचीत के दौरान तेज प्रताप ने एक घटना का जिक्र किया. उन्होंने दावा किया कि एक दिन विधानसभा से घर लौटने पर उन्होंने ऐश्वर्या को किसी युवक से चैट करते देखा था. तेज प्रताप के अनुसार, वह युवक ऐश्वर्या का पुराना बॉयफ्रेंड था और बातचीत में ‘लव यू’ जैसे संदेशों के साथ हार्ट इमोजी भी भेजे जा रहे थे. हालांकि, ये तेज प्रताप के आरोप हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें - Friday Box Office Update: 'दृश्यम 3' का जलवा कायम, 'हनुमान अंश' ने लंबे सफर में फिर बटोरी सुर्खियां
पूजा और देर रात पार्टी को लेकर भी कही बात
तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि ऐश्वर्या को उनकी सुबह की पूजा पसंद नहीं थी और वह उन्हें पूजा करने से मना करती थीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि ऐश्वर्या देर रात तक पार्टियों में शामिल रहती थीं. इसके अलावा, उन्होंने दोनों के बीच होने वाले झगड़ों का वीडियो रिकॉर्ड करने और उन्हें अदालत में सबूत के तौर पर पेश करने की बात भी कही.
साल 2018 में हुई थी शादी
तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी मई 2018 में हुई थी. ऐश्वर्या बिहार के वरिष्ठ नेता चंद्रिका राय की बेटी हैं. शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में विवाद सामने आने लगे थे और तेज प्रताप ने तलाक की प्रक्रिया शुरू की थी। रियलिटी शो में उनके हालिया बयानों ने इस पुराने विवाद को फिर सुर्खियों में ला दिया है.