भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में ऋषभ पंत ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी करते हुए एक बार फिर खुद को भारत का सबसे भरोसेमंद टेस्ट विकेटकीपर साबित किया है. पंत ने 146 गेंदों पर 10 चौकों और 4 गगनचुंबी छक्कों की मदद से अपना सातवां टेस्ट शतक पूरा किया और इसी के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए.
धोनी को पछाड़ा शतकों की दौड़ में
इस शतक के साथ ही पंत भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन गए हैं. पूर्व कप्तान एमएस धोनी ने भारत के लिए छह टेस्ट शतक लगाए थे और अब पंत सात शतकों के साथ इस सूची में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं.
भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाजों द्वारा टेस्ट में सर्वाधिक शतक
ऋषभ पंत – 7 शतक
एम.एस. धोनी – 6 शतक
रिद्धिमान साहा – 3 शतक
SENA देशों के खिलाफ भी बना डाला रिकॉर्ड
सिर्फ शतक ही नहीं, पंत ने जैसे ही इस मैच में 50 रन का आंकड़ा पार किया वो एक और बड़े रिकॉर्ड पर काबिज हो गए. अब वह SENA देशों (ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड) के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन चुके हैं.
इससे पहले यह रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम था, जिन्होंने इन देशों के खिलाफ 1731 रन बनाए थे. पंत अब इस आंकड़े को पार कर चुके हैं और उनके नाम 1800 से अधिक रन दर्ज हो चुके हैं. इस मैच में वह 134 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए.
बता दें कि भारत ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी की शुरुआत की. यशस्वी जायसवाल ने शतक लगाया और कप्तान शुभमन गिल ने 147 रन की कप्तानी पारी खेली. इस मजबूत नींव पर पंत की धाकड़ पारी ने भारत की स्थिति और भी मजबूत कर दी है. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पंत की यह फॉर्म आने वाले मैचों में भी भारत के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है.