AC Side Effects: भीषण गर्मी और तेज धूप से बचने के लिए आजकल एयर कंडीशनर (AC) ही सबसे बड़ा सहारा है। घर हो या ऑफिस, लोग घंटों एसी की ठंडी हवा में बिताना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं एसी में बैठने से भले ही गर्मी से राहत मिलती है। पर आपकी सेहत को भारी नुकसान भी पहुंचा सकती है? खासकर, अगर घर में वेंटिलेशन न हो तो इससे सेहत पर ज्यादा बुरा असर पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि दिनभर AC में रहने से किन-किन बीमारियों का खतरा बढ़ता है।
सांस की तकलीफ
लगातार एसी में बैठने से नाक, गले और सांस की नली की नमी सूख जाती है। इससे गले में खराश, सूखी खांसी, नाक बंद होना और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अस्थमा या एलर्जी से पीड़ित लोगों में यह जोखिम बढ़ सकता है। अगर AC के फिल्टर गंदे हों, तो उनमें मौजूद धूल, फफूंदी और अन्य एलर्जन हवा में फैलकर परेशानी बढ़ा सकते हैं।
एलर्जी और साइनस
एसी की ठंडी हवा सीधे साइनस को प्रभावित करती है। इससे बार-बार छींक आना, नाक बहना, आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। एसी में रहने से आंखों में जलन और सिरदर्द भी हो सकता है। कई बार एसी में फफूंदी और बैक्टीरिया पनप सकते हैं, जो एलर्जी को ट्रिगर कर सकते हैं।
त्वचा और आंखों का सूखापन
लंबे समय तक एसी में रहने से हवा से नमी कम हो जाती है। जिसके कारण आपकी स्किन ड्राई (रूखी) हो जाती है, त्वचा में खिंचाव आता है और होंठ फटने लगते हैं। इसके अलावा, आंखों में सूखापन, जलन और लालिमा की शिकायत (ड्राई आई सिंड्रोम) भी बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें: कोरोना महामारी पर बड़ा खुलासा: चीन के जिस लैब में बना था कोरोना वायरस अमेरिकी वैज्ञानिक ने की थी उसकी फंडिंग!
सिर दर्द
जो लोग पूरा दिन एसी में बिताते हैं, उन्हें अक्सर सिरदर्द, भारीपन और थकान महसूस होती है। अगर वेंटिलेशन नहीं है और आप एसी में रहते हैं, तो इससे आपको सिरदर्द की समस्या ज्यादा बढ़ सकती है।
संक्रमण का खतरा
अगर एसी के फिल्टर की समय पर सफाई न की जाए, तो उनमें धूल, फफूंदी (फंगस) और बैक्टीरिया जमा हो जाते हैं। अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के मुताबिक, गंदे एसी से निकलने वाली हवा फेफड़ों में गंभीर संक्रमण पैदा कर सकती है।