राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने आईपीएल 2026 में लगातार हो रही आलोचनाओं और निजी टिप्पणियों पर खुलकर नाराजगी जताई है। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ टीम की 7 विकेट की जीत के बाद जयपुर में उन्होंने कहा कि इस सीजन क्रिकेट से ज्यादा मैदान के बाहर की चीजों पर चर्चा हो रही है। उन्होंने साफ कहा कि खिलाड़ियों को उनके खेल से आंका जाना चाहिए, निजी जिंदगी से नहीं।
खराब दिन किसी का भी हो सकता
रियान पराग ने कहा कि लोग सिर्फ नतीजा देखते हैं लेकिन उसके पीछे की मेहनत नहीं देखते। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी हर मुकाबले से पहले कई दिनों तक तैयारी करते हैं। अगर किसी मैच में टीम 75 या 80 रन पर आउट हो जाए तो तुरंत मानसिकता और क्षमता पर सवाल उठने लगते हैं, जबकि कोई यह नहीं देखता कि उसके पीछे कितनी मेहनत लगी होती है।
हम भी इंसान हैं
24 साल के पराग ने कहा कि खिलाड़ी मशीन नहीं होते और उनसे भी गलतियां हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को भी सम्मान की जरूरत होती है। पराग ने साफ कहा कि हर खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करता है लेकिन हर दिन हर किसी का नहीं हो सकता। ऐसे में थोड़ी समझ और संतुलित प्रतिक्रिया जरूरी है।
कमेंटेटर्स को दी सलाह
रियान पराग ने खास तौर पर कमेंटेटर्स और क्रिकेट विशेषज्ञों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी बात लाखों लोगों तक पहुंचती है। इसलिए उन्हें जिम्मेदारी से बोलना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्रिकेट से प्यार कीजिए और सिर्फ क्रिकेट की बात कीजिए। देश के सबसे बड़े खेल को सम्मान मिलना चाहिए और खिलाड़ियों की निजी जिंदगी को चर्चा का विषय नहीं बनाना चाहिए।
विवादों में भी रहे पराग
इस सीजन रियान पराग मैदान के बाहर भी चर्चा में रहे। ड्रेसिंग रूम से जुड़ी एक घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर लगातार बातें होती रहीं। माना जा रहा है कि उनका यह बयान उसी विवाद और निजी टिप्पणियों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले कुछ समय से वह लगातार आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : Vaibhav के विस्फोट से बदली तस्वीर, पॉइंट्स टेबल में आया बड़ा उलटफेर, पढ़िए
कीबोर्ड वॉरियर्स पर भी बोले
रियान पराग ने कहा कि पिछले चार साल में उन्होंने एक बात समझ ली है कि लोग हर हाल में बातें करेंगे। उन्होंने कहा कि अब उन्होंने बाहरी शोर को नजरअंदाज करना सीख लिया है। उनके मुताबिक कीबोर्ड वॉरियर्स क्या कह रहे हैं, उससे उनके खेल, फॉर्म और मानसिकता पर अब कोई असर नहीं पड़ता।