Accident News: उत्तर पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार जीरो पुश्ता रोड पर एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों की लापरवाही से एक जान चली गई। बुधवार सुबह करीब 8.30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 28 वर्षीय सत्यम सिंह के रूप में हुई है, जिसकी पुष्टि परिजनों ने की। बताया गया कि सत्यम जॉब से लौटकर अपने घर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक सीमेंट डंपर की टक्कर के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूरे मामले की छानबीन जारी
मृतक सत्यम सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के निवासी थे और फिलहाल सोनिया विहार के चौहान पट्टी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही सोनिया विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों और डंपर की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पूरे मामले की छानबीन जारी है।
सख्त निगरानी की सख्त जरूरत
गौरतलब है कि जीरो पुश्ता रोड पहले भी कई बार जानलेवा हादसों का गवाह बन चुका है। 30 अक्टूबर 2025 को इसी इलाके में हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्वरूप नगर निवासी कारोबारी प्रमोद शर्मा की मौत हो गई थी, जब दो बाइकों की टक्कर के बाद एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया था। बार बार हो रहे हादसे इस बात की गवाही दे रहे हैं कि जीरो पुश्ता रोड पर ट्रैफिक नियंत्रण और भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्त निगरानी की सख्त जरूरत है, वरना यह सड़क यूं ही लोगों की जिंदगी निगलती रहेगी।