भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी में रफ्तार ने एक बार फिर दो जिंदगियां निगल लीं। ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया जोड़ बायपास पर मंगलवार देर रात हुए इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार थार कार ने सड़क पर जा रहे बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने कार में जमकर तोड़फोड़ की, वहीं कार चालक और उसके साथी मौके से फरार हो गए।
रफ्तार ने छीनी दो जिंदगियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार हवा में उछलकर कई मीटर दूर जा गिरे। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जब तक मदद पहुंचती, दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव, लोगों का गुस्सा फूटा
हादसे के बाद स्थानीय लोग भारी संख्या में मौके पर जमा हो गए और थार कार में तोड़फोड़ कर दी। गुस्से में लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने किसी तरह हालात काबू में किए और क्षतिग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले जाया गया।
पुलिस ने शुरू की जांच, फरार चालक की तलाश जारी
ईंटखेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के CCTV कैमरे खंगाल रही है ताकि फरार चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में कार की गति अत्यधिक तेज बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।