बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के एनएच-9 पर स्थित बागड़पुर फ्लाईओवर के पास शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप ने पीछे से ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी थी। जिस वजह से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया था। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जबकि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
ट्रैक्टकर ट्राली पर सवार थे तीन लोग
पुलिस के अनुसार, यह हादसा करीब पांच बजे हुआ। ट्रैक्टर हापुड़ से अमरोहा की ओर जा रहा था। उस पर तीन लोग सवार थे। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया और पलट गया। जिससे उस पर सवार तीनों लोग सड़क पर जा गिरे। हादसे में अमरोहा निवासी आरिफ (45) पुत्र लतीफ की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल कामिल (44) पुत्र अमजद, जो अमरोहा के मुबारक नागली का निवासी था, को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल मेहराज पुत्र नन्हे, निवासी पतई, थाना डिडौली को मामूली चोटें आई हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
क्या कहना है इनका
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित कर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर और पिकअप को क्रेन की सहायता से सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।