Bulandshahr News: अहमदगढ़ थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई
हादसा अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रानीवाला के पास हुआ। जानकारी के अनुसार कार डिबाई की ओर से बुलंदशहर आ रही थी। रास्ते में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सीधे सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
शव को पोस्मार्टम के लिए भेजाा
सूचना पर अहमदगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार से दोनों शवों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस वाहन के पंजीकरण नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने परिजनों की तलाश शुरू कर दी है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।