पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक नगर निगम गाजियाबाद के सफाई विभाग में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल
लखपत की मड़ैया निवासी 32 वर्षीय विश्वनाथ प्रताप सिंह मंगलवार को बाइक से जा रहे थे। पिलर नंबर 20 के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में तेज टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटनास्थल का निरीक्षण किया
घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।