Accident in Hathras: यूपी के हाथरस जिले के सासनी थाना क्षेत्र के समामई गांव के पास गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। एक रोडवेज बस और मिल्क टैंकर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिनमें 14 साल का एक बच्चा भी शामिल है। इस हादसे में 17 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सासनी के सीएचसी और जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि गंभीर लोगों को आगरा रेफर किया गया।
बाइक को बचाने में हुआ हादसा
जिलाधिकारी ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ जब बस चालक ने एक बाइक को बचाने की कोशिश की, जिसके चलते बस सामने से आ रहे मिल्क टैंकर से जा टकराई और पलट गई। बस अलीगढ़ से हाथरस लौट रही थी, जबकि टैंकर अलीगढ़ की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री अंदर फंस गए।
यह भी पढ़ेंःJNUSU Election Result 2025: लेफ्ट यूनिटी की बड़ी जीत, अदिति मिश्रा बनीं अध्यक्ष, ABVP को झटका
मृतकों की मौके पर हुई पहचान
हादसे के बाद पुलिस ने बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला और ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। डीएम और एसपी ने मौके का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की निगरानी की। हादसे में बस कंडक्टर और एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। फिलहाल हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है।