Road Accident in Noida: नोएडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह मां-बेटी बाइक से फैक्ट्री जा रही थीं। जैसे ही वे कंपनी के पास पहुंचीं, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसकी मां बाल-बाल बच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए बस चालक की पहचान की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे और गुस्से में चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने भारी वाहनों की लापरवाही और सड़कों पर सुरक्षा इंतजामों की कमी पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र में सुबह-शाम सैकड़ों मजदूर और कर्मचारी आते-जाते हैं, लेकिन ट्रैफिक नियंत्रण के उचित इंतजाम नहीं हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर न्याय दिलाया जाएगा।