सेक्टर-71 में एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में दिल्ली के एक बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान गुलफिशा (निवासी बरेली) के रूप में हुई है। वह दिल्ली के एक बैंक में कार्यरत थीं। हादसे में घायल हुए लोगों में नई दिल्ली निवासी मुर्तजा अब्बास और मथुरा निवासी अनुष्का चौधरी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, तीनों बैंक कर्मचारी हैं और हादसे के समय दिल्ली से नोएडा की ओर आ रहे थे।
इलाज के दौरान गुलफिशा ने दम तोड़ दिया
पुलिस ने बताया कि सेक्टर-71 के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। सूचना मिलने पर फेज-3 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। इलाज के दौरान गुलफिशा ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दोनों का इलाज जारी है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और पुलिस को अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।