Road accident: बंथरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ। बेकाबू होकर सड़क पर फर्राटा भर रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार युवक-युवती को उड़ा दिया। टक्कर के बाद दोनों पेड़ से टकरा कर गंभीर रूप से घायल हो गए और स्कार्पियो के परखच्चे उड़ गए। लोगों ने आनन-फानन घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की सांसे थम चुकी थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
स्कार्पियो सवार वाहन मौके पर छोड़ कर फरार
पुलिस के मुताबिक, बंथरा थाना क्षेत्र के बनी-मोहान रोड पर अमेजन वेयर हाउस के पास की है। मृतकों की पहचान बंथरा के लतीफ नगर के रहने वाले अर्पित त्रिवेदी (22) और उसकी दोस्त सहिजनपुर की काजल रावत (21) के रूप में हुई है। अर्पित की 25 फरवरी को शादी थी। वह अपनी दोस्त को छोड़ने बनी-मोहान रोड से कटी बगिया अमेजन वेयरहाउस जा रहा था। काजल वेयरहाउस में काम करती थी। हादसे के बाद स्कार्पियो सवार वाहन मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस गाड़ी कब्जे में लेकर उसकी तलाश कर रही है।
एक घंटे तक लगा रहा जाम
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। निकलने वाले राहगीरों ने अपनी अपनी गाड़ियां रोक दीं, जिससे लम्बा जाम लग गया। पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया।
घरों में मचा कोहराम
दर्दनाक हादसे में युवक और युवती की मौत की खबर जब उनके घर पहुंची तो कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। परिचित उन्हें ढांढस बंधाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उनकी आंखों से निकलने वाले आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। परिजनों को विलाप करते थे मौजूद लोगों की भी आँखें नम हो गईं।