दून हाईवे पर खिर्वा फ्लाईओवर सोमवार दोपहर चीख-पुकार से गूंज उठा, जब गलत दिशा में आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉला ने बाइक सवार छात्र को मौत के रौंद दिया। हादसा इतना भीषण था कि 19 वर्षीय बीबीए छात्र अंशुल की मौके पर ही मौत हो गई।
दौराला क्षेत्र के चिरौड़ी गांव निवासी मुकुल ने बताया कि मृतक अंशुल पुत्र मनोज कुमार एमएसबी कॉलेज में बीबीए का छात्र था। पिता मनोज मजदूरी करते हैं, जबकि मां गृहणी हैं। तीन भाइयों और एक बहन में अंशुल सबसे बड़ा था। सोमवार दोपहर वह किसी काम से बाइक पर टीपीनगर की ओर गया था। वापस लौटते समय वह दौराला की तरफ बढ़ रहा था।
ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक सामने आ गया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खिर्वा फ्लाईओवर पर चढ़ते ही परतापुर की ओर से गलत दिशा में आ रहा ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक सामने आ गया। ट्रैक्टर को देखकर अंशुल घबरा गया और बाइक से नियंत्रण खो बैठा। पहले उसकी बाइक डिवाइडर से टकराई, फिर ट्रैक्टर से बचने के दौरान ट्रॉला में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चकनाचूर हो गई। अंशुल का एक पैर टूट गया और सिर से खून बहने लगा। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर चालक भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन मौके पर जुटी भीड़ ने उसे दबोच लिया और जमकर धुनाई कर दी।
शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भेज दिया
सूचना पर पहुंचे कंकरखेड़ा थाने के पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया और चालक व ट्रैक्टर को थाने ले गए। पुलिस ने छात्र के शव को कब्जे में लेकर मर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे खुलवाने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी, बाद में स्वजन के पहुंचने पर उसकी शिनाख्त अंशुल पुत्र मनोज कुमार के रूप में हुई।
परिजन रो-रोकर बेहाल
थाने पहुंचे परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए और आरोपी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के अनुसार, ट्रैक्टर आकाश निवासी किशोरपुर, हस्तिनापुर चला रहा था। इंस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर गलत दिशा में आ रहा था। टक्कर में युवक की मौत हुई है और उसने हेलमेट भी नहीं पहना हुआ था। परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई की जा रही है।