बुलंदशहर। सिकंदराबाद औद्योगिक क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर बुधवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गांव बोड़ा निवासी चरण अपने एक साथी के साथ बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। जब वे नई मंडी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर पहुंचे, तभी तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चरण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि क्षेत्र में हुई बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी, जिससे हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।