काम से लौट रहे स्कूटी सवार व्यक्ति को रोडवेज की बस ने टक्कर मारकर रौंद दिया। गंभीर हालत में स्कूटी सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। स्कूटी सवार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा है। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने रोडवेज बस व स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है।
बस ने टक्कर मारकर रौंद दिया
सदर बाजार थाना क्षेत्र के चीराग चोराहे पर गंगा नगर से काम से लौट रहे स्कूटी सवार युवक को रोड़वेज की बस ने टक्कर मारकर रौंद दिया। हादसा होते देख राहगीर जोर से चिल्लाए और बस के पीछे दौड़े। चौराहे पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मी दौड़कर मौके पर पहुंचे और स्कूटी सवार को संभाला। स्कूटी पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी थी। उस पर सवार शख्स भी लहूलुहान होकर बेहोश हो गए थे।
चिकित्सकों ने स्कूटी सवार को मृत घोषित किया
आनन फानन में लोगों ने उन्हें पास के एक निजी अस्पताल भेज लेकिन चिकित्सक ना होने की बात कहकर वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सको ने स्कूटी सवार को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जेब से मिले मोबाइल नंबर के आधार पर परिजनों से संपर्क साधा। मृतक की पहचान रोहटा रोड गोकुल विहार निवासी 50 वर्षीय जितेंद्र कुमार के रूप में हुई जो गंगानगर में काम करते हैं और अपने घर लौट रहे थे।
बस को छोड़कर फरार हो गया
पुलिस द्वारा दी गई सूचना पर उनका बेटा जतिन परिवार के अन्य लोगों के साथ अस्पताल आ गए। जिस रोडवेज बस से यह हादसा हुआ, वह मुजफ्फरनगर डिपो की बस है। हादसे के बाद आरोपी बस का चालक मौके पर ही बस को छोड़कर फरार हो गया। उसमें बैठी सवारियां भी धीरे धीरे उतर गईं। इसके बाद मौके पर पहुंचे सदर बाजार थाने के सब इंस्पेक्टर अभिलाष कुमार ने अफसरों को सूचना दी और बस व स्कूटी को कब्जे में लेकर थाने भिजवाया।