Hapur News: थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में पीलीभीत से दिल्ली जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए थे। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बस को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में पीलीभीत रोडवेज डिपो के केंद्र प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि 23 मार्च 2026 को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के पीलीभीत डिपो की बस संख्या यूपी 78 एलएन 6325 पीलीभीत से दिल्ली जा रही थी। तड़के करीब चार बजे बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में बस को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक मंगल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा बस में सवार 11 यात्री भी हादसे में घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पीड़ित ने थाना बाबूगढ़ थाने में तहरीर देकर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान की जा सके।