मेरठ। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने स्पेशल प्लान तैयार किया है। मेरठ परिक्षेत्र में 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त बसें चलाने के साथ बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर सहित अधिक यातायात वाले मार्गों पर विशेष फोकस रहेगा।
मेरठ परिक्षेत्र के आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि आगामी 27 अगस्त की रात से 28 अगस्त की रात तक महिलाओं को निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। महिलाओं के साथ एक सहयोगी को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा दिए जाने की व्यवस्था रहेगी।
त्योहार के दौरान बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। मांग के अनुसार अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी और बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डों पर पेयजल, सफाई और बैठने की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
रोडवेज अधिकारियों और कर्मचारियों को बसों के संचालन में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़ वाले बस अड्डों और मार्गों पर पुलिस एवं परिवहन विभाग के बीच समन्वय बनाकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।