हापुड़। शहर के चर्चित उद्योगपति व व्यापारी के घर से दो करोड़ रुपये की का पर्दाफाश करते हुए रविवार देर रात थाना देहात पुलिस ने गांव सुल्तानपुर मार्ग पर मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को दबोच दिया। जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। दिलचस्प बात यह है कि पूरी वारदात का मास्टरमाइंड अमरोहा का एक निलंबित सिपाही व व्यापारी के घर काम करने वाले निजी राजमिस्त्री का बेटा है। बदमाशों से 24 लाख रुपये, लूटे गए करीब सवा किलोग्राम सोने के आभूषण, चार तमंचे, चार कारतूस और दो बाइक बरामद की हैँ।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि बीते सोमवार को शहर के व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर में घुसे हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब दो करोड़ रुपये का माल लूटा था। घटना के बाद कई गठित टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में जुटी थीं। रविवार देर रात पुलिस व एसओजी की टीम थाना देहात क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थीं। इसी बीच बाइक सवार संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में संभल के थाना बिलारी क्षेत्र के गांव धर्मपुर कला के साहिब ए आलम और मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र के बसंत विहार बलदरपुरी के रोहित सागर के पैर में गोली लगी। उनके साथी बदमाश मुरादाबाद के थाना मैनाठेर के रुस्तमपुर सराय के गुड्डू आलम, संभल के थाना देहपा क्षेत्र के गांव इंचवाड़ा डीगर देहपा के टिंकू व निलंबित सिपाही अमरोहा के थाना देहात क्षेत्र के गांव जलीलपुर के विक्की गौतम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जबकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उत्तराखंड के जिला उधम सिंह नगर के महालक्ष्मी कालोनी रुद्रपुर का श्याम व मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र के लोधी वाली गली पीतल नगर का मोहित फरार हो गया।
छानबीन में पता चला कि टिंकू के पिता सत्यपाल नरेंद्र कबाड़ी का निजी राजमिस्त्री हैं। उसका भी व्यापारी के घर आना-जाना था। गांव में ही वह खल चूरी का व्यापार करता है। जिसमें उसे एक लाख रुपये का घाटा हो गया। घाटा पूरा करने के लिए उसने व्यापारी के घर लूट करने के लिए मोहित व श्याम से संपर्क किया। फिर योजना के बारे में सीतापुर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही विक्की को बताया। वर्ष 2025 में 1.50 करोड़ रुपये के नकली नोटों के साथ विक्की को मुरादाबाद के थाना दिलारी क्षेत्र के हौंसपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजा था। विक्की ने अपने साथ साहिब ए आलम, गुड्डू व रोहित को भी शामिल किया। पिछले चार माह से सभी व्यापारी के घर की रेकी कर रहे थे। उन्हें व्यापारी व उसके पूरी परिवार की पूरी गतिविधि की जानकारी थी। पुलिस फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।