इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद रोहित शर्मा अभी भी अपने परिवार के साथ लंदन में हैं। इसी बीच वह द हंड्रेड के नए सीजन में MI London का पहला मुकाबला देखने के लिए स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह मैच का आनंद लेते नजर आ रहे हैं।
फैंस के साथ ली सेल्फी
मैच शुरू होने से पहले रोहित शर्मा को स्टेडियम के बाहर फैंस से मुलाकात करते और उनके साथ सेल्फी लेते देखा गया। वीडियो में रोहित काफी रिलैक्स अंदाज में नजर आए। मैच के दौरान स्टैंड्स में बैठकर उन्होंने मुकाबला देखा और नीता अंबानी के साथ बातचीत करते हुए भी दिखाई दिए।
द हंड्रेड में खेल रही हैं IPL फ्रेंचाइजियां
इस बार द हंड्रेड में कई टीमों का मालिकाना हक आईपीएल फ्रेंचाइजियों के पास है। MI London भी उन्हीं टीमों में शामिल है। टीम ने अपने पहले मुकाबले में Sunrisers Leeds का सामना किया और नए सीजन की शानदार शुरुआत की।
MI London ने दर्ज की आसान जीत
सैम करन की कप्तानी वाली MI London ने 144 रन के लक्ष्य को सिर्फ 84 गेंदों में हासिल कर लिया। कप्तान सैम करन ने 39 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन ने 22 गेंदों पर नाबाद 58 रन की तेज पारी खेली। गेंदबाजी में रिचर्ड ग्लीसन ने 4 विकेट और सैम करन ने 2 विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।
इंग्लैंड दौरे पर शानदार फॉर्म में दिखे रोहित
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में 138 रन की शानदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी ने आलोचकों को जवाब देने के साथ टीम इंडिया के लिए भी अहम योगदान दिया। हालांकि भारत आखिरी मैच हार गया, लेकिन रोहित की बल्लेबाजी की काफी चर्चा हुई।
इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया से सीरीज हारने के बाद अफगानिस्तान को बड़ा झटका, कप्तान Hashmatullah Shahidi ने छोड़ी कप्तानी
अब अगली सीरीज का इंतजार
फिलहाल रोहित शर्मा लंदन में समय बिता रहे हैं। द हंड्रेड में उनकी मौजूदगी ने फैंस का उत्साह बढ़ा दिया है। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजरें टीम इंडिया की अगली सीरीज और रोहित शर्मा की वापसी पर टिकी हुई हैं।