भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा ने एक और बड़ा माइलस्टोन हासिल करते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 20,000 रन पूरे कर लिए। विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और निर्णायक वनडे के दौरान यह उपलब्धि हासिल करते ही रोहित इस खास क्लब में शामिल होने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ जैसे महान खिलाड़ी कर चुके हैं।
लंबे सफर की बड़ी उपलब्धि
रोहित शर्मा ने 2007 में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया था और लगभग 500 अंतरराष्ट्रीय मैचों के लंबे करियर में यह ऐतिहासिक मुकाम छुआ। तीनों फॉर्मेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है 50 से ज्यादा शतक और 110 से अधिक अर्धशतक उनके नाम दर्ज हैं। टेस्ट और टी20I क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भी वनडे फॉर्मेट में उनका दबदबा कायम है, जहां वे पहले ही 11,400 से ज्यादा रन बना चुके हैं। यह आंकड़ा उनके निरंतर प्रदर्शन और बल्लेबाजी क्षमता का प्रमाण है।
रिकॉर्ड के करीब पहुंचने का रोमांच
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज में भी रोहित का फॉर्म शानदार रहा। रांची वनडे में उन्होंने 57 रन की पारी खेलकर माइलस्टोन के करीब कदम रखा। रायपुर में भले ही वे 14 रन पर आउट हो गए, लेकिन विशाखापट्टनम में 27 रन बनाते ही उन्होंने 20,000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए। हिटमैन का यह सफर उनकी काबिलियत, फिटनेस और लंबी उम्र वाले करियर की कहानी बयां करता है।
भारत के सर्वकालिक महान बल्लेबाजों में शामिल
20,000 रन पूरे करते ही रोहित अब उन चुनिंदा महान खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जो विश्व क्रिकेट में अपना खास स्थान रखते हैं। भारत के लिए उनसे आगे अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर (34,357 रन), विराट कोहली (27,808+ रन) और राहुल द्रविड़ (24,064 रन) ही हैं। यह उपलब्धि न सिर्फ रोहित शर्मा के करियर के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि भारतीय क्रिकेट की बल्लेबाजी क्षमता की गहराई को भी दर्शाती है।